सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा पावरफुल हैं दिल्ली हाईकोर्ट के जज? जस्टिस विक्रमनाथ का वीडियो सोशल मीडिया पर धमाल
सुप्रीम कोर्ट जज विक्रमनाथ का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में दिल्ली हाईकोर्ट के जजों को सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा पावरफुल बताया. इंस्टाग्राम पर वीडियो को हजारों व्यूज मिल चुके हैं.

दिल्ली की सर्द-गर्म बहसों और अदालतों के किस्सों में अक्सर मजेदार घटनाएं भी शामिल होती हैं, लेकिन इस बार सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस विक्रमनाथ का बयान चर्चा में है. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में जस्टिस विक्रमनाथ मजाकिया लहजे में यह कहते सुने जा सकते हैं कि “दिल्ली हाईकोर्ट के जज सुप्रीम कोर्ट से ज्यादा पावरफुल होते हैं.” यह बात उन्होंने किसी गंभीर बहस के दौरान नहीं, बल्कि हल्के-फुल्के अंदाज में एक कार्यक्रम के मंच से कही, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोग खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
वीडियो में जस्टिस साहब एक किस्सा शेयर करते हैं. उन्होंने बताया कि एक दिन वह अपनी फैमिली के साथ दिल्ली के आईटीसी हयात होटल में लंच करने गए थे. ड्राइवर ने उनकी कार पार्क की और वे परिवार संग रेस्टोरेंट में चले गए. जब लंच के बाद बाहर आए और कार मंगवाई, तो ड्राइवर ने कहा कि गाड़ी फिलहाल नहीं लाई जा सकती क्योंकि उसके आगे खड़ी कार का मालिक उसे हटा नहीं रहा. जस्टिस विक्रमनाथ ने मजाक में ड्राइवर से कहा कि “तुम सुप्रीम कोर्ट के जज के ड्राइवर हो और कार नहीं निकलवा पा रहे?” जब उन्होंने पूछा कि यह कौनसी गाड़ी है, तो जवाब मिला कि यह दिल्ली हाईकोर्ट के जज की कार है.
इसके बाद जस्टिस विक्रमनाथ ने बताया कि वे इंतजार करने लगे. कुछ देर बाद चार जज साहब अपनी फैमिलियों के साथ आए, उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्कार किया और उनसे इजाजत मांगी. तभी वह कार हटाई गई और उसके बाद ही जस्टिस विक्रमनाथ की गाड़ी निकल पाई. इसी किस्से का जिक्र करते हुए उन्होंने हंसते हुए कहा कि “देखा, सुप्रीम कोर्ट के जज से ज्यादा ताकतवर तो दिल्ली हाईकोर्ट के जज निकले.”
इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए इस वीडियो ने महज 15 घंटे में 15 हजार से ज्यादा व्यूज बटोर लिए हैं और अब लगातार शेयर हो रहा है. लोग इसे लेकर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कोई इसे मजेदार अनुभव मान रहा है, तो कोई कह रहा है कि जस्टिस साहब ने दिल की बात हंसी में कह डाली.
सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर जज और नेताओं के बयान वायरल होते रहते हैं, लेकिन यह वीडियो लोगों को हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर रहा है कि आखिर क्यों दिल्ली हाईकोर्ट के जज को अधिक प्रभावशाली समझा गया. हालांकि यह पूरी तरह मजाकिया लहजे में कही गई बात है, लेकिन इससे यह साफ झलकता है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जज भी आम लोगों की तरह ही दिलचस्प अनुभवों से गुजरते हैं.
